बलरामपुर (छत्तीसगढ़)। सोशल मीडिया पर रील बनाने की लत एक महिला की जान ले गई। इंस्टाग्राम पर बार-बार रील बनाना पति को इतना नागवार गुज़रा कि दोनों के बीच झगड़ा बढ़ते-बढ़ते एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। घटना बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के बरियों चौकी अंतर्गत ग्राम अखोराखुर्द (जवाखाड़) की है।
एनआरवीएस प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट, 4 मजदूर घायल, एक की हालत गंभीर
पुलिस के अनुसार, बुधवार को पति कुन्दन राम (28) ने अपनी पत्नी किरन पहाड़ी कोरवा की इंस्टाग्राम रील बनाने की आदत से परेशान होकर घर की बिजली काट दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया।
विवाद के दौरान किरन ने चाकू लेकर पति को धमकाया और कहा कि अगर बिजली का तार नहीं जोड़ा गया, तो वह खुद को चाकू मार लेगी। इसी दौरान कुन्दन ने गुस्से में पैर से पत्नी को धक्का दे दिया। धक्का लगते ही चाकू सीधे उसकी छाती में जा धंसा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी ग्रामवासी हिरनराम ने बरियों पुलिस चौकी को दी। वह मौके पर पहुँचा तो किरन बिस्तर पर मृत पड़ी थी। उसके सीने के बाईं ओर गहरा घाव था और पास में खून के निशान मिले।
पुलिस ने आरोपी कुन्दन राम को गिरफ्तार कर धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपती के बीच लंबे समय से सोशल मीडिया को लेकर विवाद चल रहा था। कुन्दन को पत्नी का बार-बार रील बनाना पसंद नहीं था। इसी बात ने आखिरकार एक घर को तबाह कर दिया।
पुलिस का कहना है कि यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है, लेकिन सोशल मीडिया की लत ने इस त्रासदी को और गहराया।



