रायपुर : छत्तीसगढ़ में कोल्ड्रिफ कफ सिरप पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। राजस्थान और मध्यप्रदेश में इसी सिरप के सेवन से 12 बच्चों की मौत के बाद पूरे देश में चिंता का माहौल है।
यह भी पढ़े :- भारी बारिश से नाला उफान पर, ग्रामीण जान जोखिम में डालकर कर रहे हैं पार
तमिलनाडु की श्रीसन फार्मा कंपनी द्वारा निर्मित इस सिरप में जांच के दौरान डाइएथिलीन ग्लाइकॉल (DEG) की उच्च मात्रा पाई गई, जो बच्चों की मौत का कारण बनी। मध्यप्रदेश और तमिलनाडु सरकार पहले ही इस सिरप पर रोक लगा चुकी हैं।
छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में फिलहाल इस सिरप की सप्लाई नहीं है, लेकिन अफवाहों और भ्रम को रोकने के लिए इसे प्रतिबंधित किया गया है। विभाग ने बाजार पर सख्त नजर रखने के निर्देश दिए हैं ताकि यह दवा राज्य में न बिक सके।
दवा कारोबारी अश्वनी विग ने भी कहा कि छत्तीसगढ़ में इस ब्रांड की न तो सप्लाई है और न ही कोई गोदाम। बावजूद इसके सोशल मीडिया पर सिरप की तस्वीरें वायरल होने से लोगों में डर और चिंता बढ़ गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि घर में यह सिरप है तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें और केवल भरोसेमंद दवाइयां ही खरीदें।



