रायपुर। बीजेपी प्रवक्ता पिंटू महादेव ने एक लाइव टीवी शो में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी दी, जिससे राजनीतिक हल्काे खलबली मच गई। इस घटना के बाद कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दलों ने कड़ी निंदा की है।
कांग्रेस नेताओं ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि यह टिप्पणी गंभीर है क्योंकि राहुल गांधी देश के नेता प्रतिपक्ष हैं और उनके परिवार में पहले ही दो लोगों की हत्याएं हो चुकी हैं। उन्होंने भाजपा को नाथूराम गोडसे की विचारधारा वाली पार्टी करार दिया और कहा कि ऐसी मानसिकता वाले लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश दुबे ने चेतावनी दी कि अगर एफआईआर दर्ज नहीं की जाती है, तो वे थाने का घेराव करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कहा कि राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी भाजपा प्रवक्ता की शिक्षा और मानसिकता को दर्शाती है और इस पर कार्रवाई न करना भाजपा के “गोडसेवादी चरित्र” को उजागर करता है।
राष्ट्रीय नेताओं ने भी इस घटना की निंदा की। कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने पूछा कि क्या यही तरीका है जैसे महात्मा गांधी और इंदिरा गांधी को निशाना बनाया गया। सुप्रिया श्रीनेत ने भी राहुल गांधी की सुरक्षा पर चिंता जताई।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि जब भाजपा वैचारिक लड़ाई हार रही है, तो उसके नेता हिंसा का सहारा लेकर राहुल गांधी को धमकी दे रहे हैं। इस पूरे मामले में बीजेपी की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।



