रायपुर। राजधानी के वीआईपी रोड और आसपास नियमों की अनदेखी कर देर रात तक होटल, बार और कैफे चलाने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। शनिवार आधी रात के बाद जांच अभियान में पुलिस ने 11 संचालक और मैनेजरों को गिरफ्तार किया। इनमें एफएमएप कैफे के किशोर लोहिरा, सन्नी नागपाल और हिमांशु नागपाल, 007 कैफे के आदित्य गुप्ता, मंगल यादव और अभिषेक श्रीवास्तव, चाट डी हट्टी मरीन ड्राइव के ऐश्वर्य बाघ, मोमो मैजिक मरीन ड्राइव के विनोद तामंग, मंडल पान पैलेस अग्रसेन चौक के समीर मंडल और अतरंगी पान पैलेस लभांडीह के ऋषभ मोटवानी शामिल हैं।
महतारी एक्सप्रेस से शराब तस्करी: 16 पेटी शराब के साथ चालक गिरफ्तार, कांग्रेस का BJP पर हमला
पुलिस ने सभी को घंटों थाने में बैठाए रखा और बाद में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इनमें से 007 कैफे से जुड़े आदित्य गुप्ता, मंगल यादव और अभिषेक श्रीवास्तव को दो बार समझाइश के बावजूद देर रात कैफे चालू रखने पर कोर्ट के आदेश से जेल भेज दिया गया।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर मंदिरहसौद, विधानसभा, माना और अभनपुर क्षेत्र के 50 से ज्यादा होटल, ढाबा और फार्म हाउस संचालकों को भी नोटिस जारी कर नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने गुमाश्ता एक्ट उल्लंघन, अवैध नशे की आशंका और नो पार्किंग एरिया में गाड़ियों की पार्किंग जैसी गड़बड़ियों को गंभीरता से लिया है।
नगर निगम को पूर्व में डेढ़ दर्जन संस्थानों का गुमाश्ता लाइसेंस निरस्त करने पत्र भी भेजा गया था, लेकिन निगम ने इसे श्रम विभाग का अधिकार क्षेत्र बताकर कार्रवाई से हाथ खींच लिया था।



