रायपुर। राजधानी में गुंडे-बदमाशों के हौसले लगातार बढ़ते दिख रहे हैं। ताज़ा मामले में चाकू की नोक पर एक युवक से पैर छूकर माफी मंगवाने का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा तालाब इलाके का बताया जा रहा है।
यह भी पढ़े :- सूदखोरी का सनसनीखेज मामला: 3 लाख के बदले 10 लाख वसूले, रिटायरमेंट की रकम भी छीन ली
वायरल वीडियो में यश नाम का युवक एक अन्य लड़के को धमकाते हुए दिखाई दे रहा है। वह आरोप लगा रहा है कि सोशल मीडिया पर उसके बारे में मारपीट की झूठी खबर फैलाई गई है। वीडियो में स्पष्ट दिखाई देता है कि आरोपी युवक चाकू दिखाकर दूसरे लड़के से पैर छूने को मजबूर कर रहा है। डर के कारण पीड़ित युवक रुआंसा होकर उसके पैर छूता भी है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि शहर में चाकू से डराने-धमकाने की घटनाएं आम होती जा रही हैं। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से आसानी से चाकू उपलब्ध होने के कारण अपराधियों के हौसले और बढ़ गए हैं।
फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है। नागरिकों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस को सख्त कदम उठाने की जरूरत है और ऑनलाइन चाकू बिक्री पर भी और कड़े प्रतिबंध लगाए जाने चाहिए।



