बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नेशनल हाईवे को पार्टी स्पॉट बनाने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हाईवे पर तीन कारें खड़ी कर रसूखदार युवकों के गैंग ने खुलेआम बर्थडे सेलिब्रेशन किया। कार के बोनट पर केक रखा गया और केक कटिंग से पहले जोरदार आतिशबाजी भी की गई, जिससे हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लगभग दर्जनभर युवकों को पकड़ लिया। सभी के खिलाफ धारा 285 बीएनएस, मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 119/177 और 122/177 के तहत केस दर्ज किया गया है। हाईवे पर खड़ी तीनों कारें जब्त कर ली गई हैं।
आरोपियों को थाने लाकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। वहीं, वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के लिए रिपोर्ट आरटीओ को भेज दी गई है।
पूछताछ में पता चला कि बर्थडे सुजल देवांगन का था, जो बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता का बेटा है। उसके साथ मौजूद युवकों में सागर मनचंद, राजवीर हुरा, प्रिंस गागवानी, साहिल सचदेव, उत्कर्ष खरे, मुस्तफा लक्ष्मीधर, पीयूष जायसवाल, पीयूष शिवहरे, रोशन मंगलानी, पल आहुजा और शुभम साहू शामिल थे।



