एसआइआर : मध्य प्रदेश में मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए चल रहा SIR अभियान अब तेजी पकड़ रहा है। बुधवार से भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर महाराष्ट्र के मतदाताओं की सूची उपलब्ध हो गई है, जिससे उन परिवारों को बड़ी राहत मिली है जिनका नाम पहले महाराष्ट्र की मतदाता सूची में दर्ज था। इस सूची के अभाव में कई मतदाताओं के फॉर्म अटक गए थे, जिससे बीएलओ और लोगों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब नई सुविधा मिलने से SIR अभियान का काम और सुगम हो गया है।
जिले में कई परिवार ऐसे हैं जिनका नाम महाराष्ट्र में दर्ज था, लेकिन विवाह या निवास परिवर्तन के बाद वह मध्य प्रदेश की सूची में शामिल हुए। वार्ड 20 सराफा निवासी मेघा जैन और वंदना जैन इसका प्रमुख उदाहरण हैं। इसी तरह बुरहानपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, सेंधवा और पानसेमल जैसे क्षेत्रों में भी ऐसे कई लोग हैं, जिन्हें अब महाराष्ट्र की सूची खुलने से राहत मिली है।
अब तक जिले में 10,29,806 मतदाताओं में से 7,76,903 फॉर्म पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं। अभियान में जुटे बीएलओ कठिन परिस्थितियों में भी काम कर रहे हैं। वार्ड 11 की बीएलओ ममता जाजोरिया बिजली न होने पर भी मोबाइल टॉर्च की रोशनी में लोगों के फॉर्म भरवा रही हैं। दूसरी ओर हरसूद क्षेत्र में बीएलओ महेश शुक्ला नाव से ग्राम बेडियावं पहुंचे और 12 मतदाताओं के फॉर्म अपलोड किए।


