सरगुजा। अमेरा कोल खदान के विस्तार को लेकर सरगुजा में हालात अचानक बेकाबू हो गए। ग्राम परसोडी कला में आज सुबह सैकड़ों ग्रामीण हथियारनुमा लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और गुलेल लेकर खदान प्रबंधन व पुलिस के खिलाफ उतर आए। विरोध प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसक हो गया और ग्रामीणों ने पुलिस बल पर धावा बोल दिया। पथराव इतना तीव्र था कि 40 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए।
उधर पुलिस ने भी हालात काबू करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे, जिससे करीब एक दर्जन ग्रामीण घायल हुए हैं। घटनास्थल पर तनाव इतना बढ़ गया कि अंबिकापुर से अतिरिक्त पुलिस बल तत्काल रवाना करना पड़ा।
मौके पर एडीएम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी डटे हुए हैं और लगातार स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। गांव में अभी भी भारी संख्या में पुलिसबल और ग्रामीण मौजूद हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना भूमि अधिग्रहण किए खदान विस्तार की कार्रवाई शुरू की गई, जिसके खिलाफ वे लंबे समय से विरोध जता रहे हैं।
फिलहाल परसोडी कला में माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है और पुलिस पूरी ताकत से हालात को शांत कराने की कोशिश कर रही है।



