रायपुर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर क्षेत्र में पुलिस ने हेरोइन तस्करी करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से 11 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी काला बाजारी कीमत लाखों में बताई जा रही है। साथ ही तस्कर की मोपेड गाड़ी जब्त की गई है। पुलिस आरोपी के मोबाइल की जांच कर रही है ताकि सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़े :- NSUI नेता ने छात्रा से जंगल में किया रेप, कोर्ट ने सुनाई 10 साल की सजा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम कमलेश अरोड़ा (29), निवासी धरमपुरा है। आरोपी खुद भी नशे का आदी है। पहले वह अपने लिए नशा मंगाता था, लेकिन बाद में उसने सप्लाई और तस्करी शुरू कर दी। वह शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर हेरोइन बेचता था।
शनिवार को वह कबीर नगर में हेरोइन सप्लाई करने पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
नशे का बड़ा नेटवर्क सक्रिय
सूत्रों के अनुसार, ट्रक ड्राइवरों के जरिए हर सप्ताह हेरोइन, डोडा और अफीम रायपुर में पहुंचाया जा रहा है, लेकिन बड़े सप्लायर अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। लगातार चर्चाएं हैं कि बड़े तस्करों की गिरफ्तारी का प्रयास भी नहीं किया जा रहा है।
नशे के खिलाफ अभियान
रायपुर पुलिस ने पिछले 11 महीनों में 4 करोड़ रुपए से अधिक का नशीला पदार्थ जब्त किया है। अब तक 400 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।



