रायपुर। राजधानी रायपुर में दो अलग-अलग आगजनी की घटनाओं ने शहर में दहशत का माहौल बना दिया। पहली घटना उरला क्षेत्र के सरोरा स्थित बजरंग नगर में संचालित स्टील क्राफ्ट फर्नीचर फैक्ट्री में हुई। दोपहर के समय वेल्डिंग के दौरान अचानक चिंगारी फैल गई और पलभर में फैक्ट्री के शेड में आग की लपटें फैल गईं। कर्मचारियों को बाहर निकलने में मुश्किल हुई, जबकि स्थानीय लोगों ने चीख-पुकार के बीच तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
नगर निगम की तीन दमकल गाड़ियों और अतिरिक्त पानी के टैंकरों की मदद से करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। आग से फैक्ट्री में रखे फर्नीचर, फोम और लकड़ी जलकर खाक हो गए, जिससे लाखों का नुकसान हुआ। पुलिस और दमकल विभाग ने फैक्ट्री परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी है और प्राथमिक जांच में वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी को आग लगने का संभावित कारण बताया गया है।
दूसरी घटना शहर के एक अन्य इलाके में खड़े इलेक्ट्रिक वाहन में हुई। वाहन की बैट्री अचानक धुआँ निकालने लगी और आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने रेत और पानी की मदद से आग को फैलने से रोका। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार बैटरी ओवरहीट होने से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग ने इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी से तकनीकी जानकारी मांगी है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाया जा सके।



