रायपुर। महिला कबड्डी विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाने वाली संजू देवी ने बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। सीएम साय ने संजू देवी को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उन्होंने महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल पेश की है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “संजू देवी की उपलब्धि प्रदेश की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उनका संघर्ष और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक साबित होगा।” मुलाकात के दौरान संजू देवी ने अपनी खेल यात्रा, चुनौतियों और उपलब्धियों को मुख्यमंत्री के साथ साझा किया।
कोरबा जिले के ग्राम केराकछार की रहने वाली संजू देवी ने बांग्लादेश की राजधानी ढाका में 17 से 24 नवंबर तक आयोजित महिला कबड्डी विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ का खिताब हासिल किया था।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत बघेल, कोषाध्यक्ष सेवा राम साहू, पूर्व कोच अनुज प्रताप सिंह और वर्तमान कोच दिल कुमार राठौर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।



