कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के चेतमा चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत सफलवा में बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। 24 वर्षीय सुमित धनवार, जो बारी उमराव गांव से मजदूरी कर पैदल घर लौट रहा था, उसे पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई और सुमित इसके नीचे दबकर मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की जानकारी मिलने पर चैतमा चौकी के प्रभारी अफसर खान मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में था और तेज रफ्तार के कारण यह दुखद घटना हुई।
जानकारी के अनुसार, मृतक सुमित धनवार परिवार का कमाऊ बेटा था और रोजाना मजदूरी कर अपने माता-पिता और भाई-बहन का भरण-पोषण करता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।



