रायपुर। राजधानी रायपुर की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। फेस–2 के जी ब्लॉक में रात लगभग 10 बजे लिफ्ट अचानक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय लिफ्ट में कोई सवार नहीं था, अन्यथा गंभीर घटना हो सकती थी।
यह भी पढ़े :- भुइयां पोर्टल हैकिंग से लेकर नकली रजिस्ट्री तक- छत्तीसगढ़ में जमीन ठगी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक महिला और उसकी बेटी लिफ्ट का उपयोग करने के लिए इंतजार कर रही थीं। जैसे ही लिफ्ट पांचवीं मंज़िल पर पहुंचती है और महिला दरवाजा खोलने का प्रयास करती है, उसी दौरान लिफ्ट का वेट मशीन टूटकर ग्राउंड फ्लोर पर गिर जाता है। लिफ्ट अचानक तेज़ गति से ऊपर की ओर चली जाती है और जोरदार धमाके की आवाज सुनाई देती है। खुशकिस्मती से मां-बेटी लिफ्ट में प्रवेश नहीं कर पाईं और उनकी जान बच गई।
घटना से आक्रोशित रहवासियों ने आरडीए प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सोसाइटी में लंबे समय से लिफ्ट का नियमित मेंटेनेंस नहीं किया जा रहा। लोगों का दावा है कि 15 दिन पहले भी लिफ्ट टूटने की घटना हुई थी, जिसकी शिकायत कई बार की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। रहवासियों का आरोप है कि मेंटेनेंस केवल औपचारिकता निभाने के लिए किया जाता है, जिसके चलते लगातार खतरनाक स्थितियां सामने आ रही हैं।
रहवासी प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और सुरक्षित लिफ्ट व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।



