रायपुर। खमतराई पुलिस ने उरकुरा रेलवे स्टेशन के पास देशी कट्टा लहराकर राहगीरों में दहशत फैला रहे युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शनि कुमार (18 वर्ष), निवासी शीतला तालाब, सरोरा थाना उरला, रायपुर के रूप में हुई है।
यह भी पढ़े :- अंबिकापुर में नहीं थम रहा अपराध का सिलसिला: बिरयानी लेने पहुंचे युवक पर जानलेवा हमला
आईजी रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर थाना क्षेत्रों में बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक हथियार लेकर हवा में लहरा रहा है और लोगों को भयभीत कर रहा है।
सूचना पर खमतराई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1204/25, धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।



