बीजापुर। नक्सल प्रभावित थाना उसूर के अत्यंत संवेदनशील ताड़पाला क्षेत्र में कर्रेगुट्टा पहाड़ पर सुरक्षा और जन-सुविधा के लिए नया कैंप सफलतापूर्वक स्थापित कर लिया गया है। दुर्गम इलाका, सड़क संपर्क का अभाव, लगातार IED का खतरा और पानी की कमी जैसी चुनौतियों के बावजूद सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों ने यह अभियान पूरा किया।
ऑपरेशन में डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा 205 व 210 और केरिपु 196 की टीमें शामिल रहीं। कैंप की स्थापना के दौरान हेलीकॉप्टर सपोर्ट भी उपलब्ध कराया गया। पुलिस महानिदेशक, आईजी, डीआईजी और एसपी बीजापुर समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जवानों का उत्साह बढ़ाया। कुछ अधिकारी ताड़पाला कैंप में रातभर रुके और जवानों के साहस की सराहना की।
कैंप स्थापित होने के बाद सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में 14 IED बरामद कर नष्ट किए, जिससे माओवादी गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ा है। वर्ष 2024 में अभी तक जिले में 22 नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए जा चुके हैं। इसके परिणामस्वरूप अब तक 749 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, 202 मारे गए और 1006 गिरफ्तार हुए हैं।
नए कैंप खुलने से सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त अभियान और अधिक प्रभावी होंगे। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों तक सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने की प्रक्रिया भी तेज होगी।



