रायपुर : छत्तीसगढ़ में मंगलवार सुबह EOW और ACB की संयुक्त टीमों ने बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू की। DMF और आबकारी घोटाले से जुड़े मामलों में करीब 18 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, कोंडागांव सहित कई जिलों में अधिकारियों और कारोबारियों के परिसरों पर दबिश दी जा रही है। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और लेन-देन से जुड़े साक्ष्य खंगाले हैं।
बिलासपुर के कारोबारी टुटेजा के ठिकानों पर भी रेड
बिलासपुर के चर्चित कारोबारी अशोक टुटेजा के घर और दफ्तरों पर भी EOW–ACB की टीमें पहुंची। उनके ठिकानों पर लगातार तफ्तीश जारी है।
अंबिकापुर में अफसर–कारोबारी पर दबिश
अंबिकापुर में पशु विभाग के अधिकारी डॉ. तनवीर अहमद और कारोबारी अमित अग्रवाल के ठिकानों पर भी छापेमारी हो रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अधिकारियों ने अब तक किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है। कार्रवाई जारी है।



