रायपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘सरदार 150 यूनिटी मार्च’ में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ से चयनित 72 युवाओं की टोली रविवार 23 नवंबर को रायपुर से नागपुर रवाना होगी। राज्य खेल अकादमी में दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव और उपमुख्यमंत्री अरुण साव हरी झंडी दिखाकर टोली को विदा करेंगे।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने शनिवार को बताया कि प्रत्येक जिले से दो-दो युवाओं का चयन किया गया है। यह टोली नागपुर स्थित ‘नर्मदा प्रवाह’ केंद्र से देश के चार प्रमुख केंद्रों (गंगा, यमुना, नर्मदा और गोदावरी प्रवाह) में निकलने वाले यूनिटी मार्च में शामिल होगी। मार्च का समापन 30 नवंबर को गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में होगा।
यात्रा का कार्यक्रम इस प्रकार है: 24 नवंबर को नागपुर से बस यात्रा शुरू, 25 को बैतूल, 26 को इंदौर, 27 को गोधरा और फिर आनंद-करमसद पहुंचकर पदयात्रा प्रारंभ होगी। करमसद से एकतानगर तक युवा पैदल चलेंगे और 30 नवंबर को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का सामूहिक दर्शन करेंगे। सात दिन की इस यात्रा में हर पड़ाव पर सांस्कृतिक, खेलकूद और देशभक्ति से जुड़े छोटे-बड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। आवास, भोजन और स्वास्थ्य संबंधी सभी व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली गई हैं।
टिकरिहा ने कहा, “लौह पुरुष सरदार पटेल ने देश की एकता-अखंडता की जो नींव रखी, उसे मजबूत करने का यह युवा संकल्प है। छत्तीसगढ़ के युवा सरदार इस राष्ट्रीय आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।” यात्रा प्रभारी टिकेश साहू और सह-प्रभारी प्रणय पाण्डेय टोली का नेतृत्व करेंगे।
इस अवसर पर भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री अंकित जायसवाल, उपाध्यक्ष जितेन्द्र देवांगन, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष गोविंद गुप्ता सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। रविवार को रायपुर से निकलने वाली यह बस छत्तीसगढ़ के युवाओं का देश की एकता के प्रति संकल्प का प्रतीक बनेगी।



