भिलाई। पावर हाउस ओवरब्रिज के पास आज सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय HR एग्जीक्यूटिव साक्षी द्विवेदी की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार साक्षी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ीं और ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता दूर जा गिरे और बाल-बाल बच गए।
यह भी पढ़े :- सौम्या चौरसिया की क्लासमेट के घर डकैती: तीन और आरोपी गिरफ्तार, कुल गिरफ्तारी 22 हुई
साक्षी द्विवेदी राजनांदगांव के एबिस प्लांट में HR एग्जीक्यूटिव थीं। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से उतरने के बाद वह पिता के साथ बाइक से मायके लौट रही थीं। जैसे ही बाइक पावर हाउस ओवरब्रिज के ढलान से नीचे आई, पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें रौंद दिया।
स्थानीय लोगों का आक्रोश: पावर हाउस ओवरब्रिज ‘ब्लैक स्पॉट’ घोषित करने की मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पावर हाउस ओवरब्रिज को शहर का सबसे संवेदनशील ट्रैफिक पॉइंट माना जाता है, जहां आए दिन हादसे होते हैं। नागरिकों ने आरोप लगाया कि-
- इस जगह पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती नहीं होती,
- भारी वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है,
- न ही सुरक्षा के लिए पर्याप्त संकेतक या व्यवस्था है।
लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे हादसों के बावजूद प्रशासन केवल औपचारिक कार्रवाई कर देता है और ठोस कदम नहीं उठाता।
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
साक्षी अपने परिवार की इकलौती सहारा थीं और करियर में आगे बढ़ रही थीं। मायके पहुंचने से पहले ही उनकी मौत ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है।
लोगों की मांग: तत्काल कार्रवाई हो
नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने पावर हाउस ओवरब्रिज को हाई-रिस्क ज़ोन घोषित करने, भारी वाहनों पर प्रतिबंधित समय लागू करने, सीसीटीवी लगाने और 24×7 ट्रैफिक पुलिस तैनात करने की मांग की है।



