भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर फिल्मी अंदाज में हुए अपहरण ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। एक युवक अपनी ही पत्नी को घर से घसीटकर ले गया। महिला चिल्लाती रही, पर आरोपी उसे जबरदस्ती कार में बैठाकर फरार हो गया। घटना CCTV में कैद है।
पहले से शादीशुदा होने का पता चलने पर अलग रह रही थी युवती
जानकारी के अनुसार युवती अपने पति से अलग रह रही थी। दो साल पहले शादी के बाद जब उसे आरोपी की पहली शादी का पता चला, वह मायके लौट आई थी। मंगलवार को आरोपी अचानक उसके घर पहुंचा और बुजुर्ग दादा-दादी को धक्का देकर युवती को खींच ले गया।
तांत्रिक बनाने का झांसा, बीमारी और कर्ज उतारने की कहानी
परिवार के मुताबिक आरोपी ने दो साल पहले खुद को तांत्रिक बताकर युवती से पहचान बढ़ाई थी। उसने लड़की की बीमारी और पिता के 10 लाख के कर्ज को तंत्र-मंत्र से खत्म करने का दावा किया था। उसी दौरान उसने युवती के घर आना-जाना बढ़ाया और परिवार पर पकड़ मजबूत कर ली।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने पिता को फंसाने के लिए दुकान में गांजा भी रखवा दिया था।
रेप, प्रताड़ना और 2–3 बार गर्भपात कराने का आरोप
युवती और उसके परिवार ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने झांसा और धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया और 2 से 3 बार गर्भपात भी करवाया। 2023 के अक्टूबर में माता-पिता के बाहर होने का फायदा उठाकर उसने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।
इसके बाद आरोपी की मां युवती को रायपुर ले गई, जहां करीब दो साल तक उसे प्रताड़ित किया गया।
तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर बंधक बनाए रखा
पीड़िता के अनुसार आरोपी घर में तंत्र-मंत्र का नाटक करता था और जान से मारने की धमकी देकर उसे परिवार से मिलने नहीं देता था। 2024 के अंत में जब युवती को उसकी पहली शादी का पता चला, उसने आरोपी की पत्नी से संपर्क किया। पत्नी की मदद से वह 15 अक्टूबर को भागकर सखी सेंटर पहुंची।
थाने में दोनों की शिकायतें और आर्य समाज का सर्टिफिकेट
19 नवंबर को युवती और आरोपी—दोनों ने पुलिस में आवेदन दिया। आरोपी का दावा है कि युवती उसकी पत्नी है और उसने आर्य समाज से शादी का प्रमाणपत्र भी जमा किया।
वहीं परिजनों ने बताया कि वह पहले भी लड़की को उठा ले गया था और पहले से शादीशुदा है।
सखी सेंटर में भी आरोपी ने हंगामा किया था, जिसके बाद युवती तीन दिन तक वहीं रही और फिर घर लौट आई।
एसएसपी को आवेदन… सुरक्षा की मांग
21 वर्षीय पीड़िता ने दुर्ग एसएसपी को आवेदन देकर आरोपी हेमंत अग्रवाल और उसकी मां पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि दोनों उसे बंधक रखते थे, डराकर धमकाते थे और परिवार से मिलने नहीं देते थे। युवती ने खुद को झूठे केस में फंसाए जाने और शारीरिक नुकसान का खतरा बताया है। उसने बलात्कार समेत गंभीर धाराओं में FIR और सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस ने केस दर्ज किया, आरोपी की तलाश जारी
ASP रोहित झा ने बताया कि जांच में युवक–युवती को पति-पत्नी माना गया है, लेकिन दोनों अलग रह रहे थे। जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 918/25 के तहत धारा 85, 115(2) BNS में मामला दर्ज किया है। आरोपी पति की तलाश में टीम भेजी गई है।
परिजनों ने त्वरित कार्रवाई की मांग की है।



