रायपुर। छत्तीसगढ़–आंध्रप्रदेश सीमा पर सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ एक सफल और बड़े पैमाने की कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस ऑपरेशन में माओवादी संगठन को गहरा नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक सूचना के मुताबिक कुख्यात कमांडर माड़वी हिड़मा, उसकी पत्नी राजे (राजक्का) और सब-जोनल कमेटी मेंबर टेक शंकर समेत छह नक्सली मारे गए हैं। बस्तर में इसे नक्सल हिंसा के खात्मे की दिशा में एक निर्णायक उपलब्धि माना जा रहा है।
डिप्टी सीएम एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने जानकारी दी कि सुकमा-कोंटा क्षेत्र की आंध्रप्रदेश सीमा पर नक्सली मूवमेंट की पुष्टि के बाद विशेष अभियान चलाया गया था। उन्होंने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट में हिड़मा और उसकी टीम के ढेर होने की पुष्टि हुई है, जबकि आधिकारिक दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया जारी है।
गृह मंत्री ने कहा कि शीर्ष नक्सली लीडरशिप का खत्म होना सुरक्षा बलों की रणनीतिक जीत है और नक्सल उन्मूलन के अभियान का टर्निंग पॉइंट साबित होगा।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी सभी सक्रिय नक्सलियों से मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। शर्मा ने कहा-“हथियार छोड़कर समाज में लौटें। बस्तर बदल रहा है, यहां के युवा स्वयं कह रहे हैं ‘हमारा बस्तर, हम ही संभालेंगे।’”



