CG TRAIN ACCIDENT : गतौरा–लालखदान रेलखंड में मेमू ट्रेन और मालगाड़ी के बीच हुई भीषण टक्कर के मामले में एक अहम अपडेट सामने आया है। हादसे में घायल असिस्टेंट लोको पायलट (एएलपी) रश्मि राज को अपोलो अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। स्वास्थ्य में सुधार के बाद रेलवे अधिकारियों ने उनका महत्वपूर्ण बयान दर्ज किया है, जिसे रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) की जांच का निर्णायक हिस्सा माना जा रहा है।इसी बीच रेलवे ने प्राथमिक जांच के आधार पर रश्मि राज को निलंबित भी कर दिया है।
निलंबन के फैसले से नाराज़ परिवार
कई दिनों तक अपोलो अस्पताल में उपचार के बाद डॉक्टरों ने रश्मि को डिस्चार्ज किया। छुट्टी मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने हादसे से जुड़े मुख्य बिंदुओं पर उनका बयान लिया। सूत्रों के अनुसार, बयान सीआरएस की अंतिम रिपोर्ट में दुर्घटना की जिम्मेदारी तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। (CG TRAIN ACCIDENT)
रेलवे ने बयान दर्ज होने के तुरंत बाद एएलपी रश्मि राज को नियमों के तहत निलंबित कर दिया। फिलहाल उन्हें आगे की चिकित्सा के लिए रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, परिवार इस निर्णय से असंतुष्ट है और उनकी मांग है कि इलाज अपोलो अस्पताल में ही जारी रखा जाए।
सीआरएस जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें
हादसे में कई लोग मारे गए थे और रेलवे को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। अब पूरी स्थिति सीआरएस की रिपोर्ट से साफ होगी कि दुर्घटना-
- मानवीय त्रुटि,
- तकनीकी खराबी, या
- सिग्नलिंग सिस्टम की गड़बड़ी
के कारण हुई।
रश्मि राज ने अपने बयान में क्या जानकारी दी है, इसे गोपनीय रखा गया है। यह विवरण सीआरएस की विस्तृत जांच रिपोर्ट के साथ ही सार्वजनिक किया जाएगा। (CG TRAIN ACCIDENT)



