रायपुर । छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में रविवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ भेज्जी और चिंतागुफा थाना क्षेत्र के जंगली पहाड़ियों में स्थित कारीगुंडम इलाके के पास हुई।
सूत्रों के अनुसार, नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड (DRG) की टीम सुबह एंटी-नक्सल सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। जवानों के इलाके में पहुंचते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसका सुरक्षाबलों ने जोरदार जवाब दिया।
तीन नक्सली ढेर, हथियार बरामद
मुठभेड़ के दौरान एसीएम रैंक के तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। मौके से हथियार, गोला-बारूद और बड़ी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद की गई है।
अधिकारियों के मुताबिक मुठभेड़ कुछ देर बाद थम गई, लेकिन क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है। रुक-रुककर फायरिंग की आवाजें आने की भी सूचना है।
सुरक्षाबलों को नहीं हुआ कोई नुकसान
सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि ऑपरेशन सफल रहा और मुठभेड़ में किसी भी जवान को कोई चोट नहीं आई है। आगे की जांच और सर्चिंग जारी है। जवान क्षेत्र को पूरी तरह खंगालकर ही बेस कैंप लौटेंगे।
नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता
इस साल छत्तीसगढ़ में विभिन्न कार्रवाईयों और मुठभेड़ों में अब तक 262 नक्सली मारे जा चुके हैं, जिनमें से अधिकांश बस्तर डिवीजन — विशेषकर सुकमा और उसके आसपास के इलाकों — से जुड़े हुए हैं।
सुकमा में हुई यह ताज़ा सफलता सुरक्षा बलों की बढ़ती पकड़ और नक्सल संगठन पर लगातार हो रहे दबाव का बड़ा संकेत मानी जा रही है।



