बेंगलुरु। जंगल सफारी का रोमांच उस समय दहशत में बदल गया, जब बन्नेरघट्टा बायोलॉजिकल पार्क में सफारी बस की खिड़की से बाहर देख रही एक महिला पर अचानक तेंदुआ झपट पड़ा। घटना के दौरान बस में मौजूद सभी यात्री घबरा गए और माहौल अफरा-तफरी से भर गया।
चेन्नई की महिला पर अचानक हमला
यह घटना बन्नेरघट्टा के बाहरी इलाके में हुई, जहां चेन्नई की 50 वर्षीय वाहिता बानू अपने पति और बेटे के साथ सफारी के लिए पहुंची थीं। वे केएसटीडीसी की नॉन-एसी बस में बैठे हुए सफारी का नज़ारा खिड़की से देख रही थीं।
इसी दौरान अचानक एक तेंदुआ बस पर कूदकर खिड़की तक पहुंच गया और महिला के हाथ पर तेज़ पंजा मारकर हमला कर दिया। हमले के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग सीटों के अंदर छिपने लगे।
गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
हमले में वाहिता बानू गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें तुरंत जिगानी स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अभी स्थिर है, लेकिन हाथ में गहरी चोट आई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बन्नेरघट्टा सफारी में जानवरों का नजदीक तक आना आम बात है, लेकिन इस तरह का सीधा हमला दुर्लभ है।
सफारी अस्थायी रूप से बंद, पर्यटकों में दहशत
घटना के बाद नॉन-एसी सफारी बस सेवा को तत्काल रोक दिया गया। बस के अन्य यात्री अभी भी सदमे में हैं और उनका कहना है कि कुछ सेकंड और लगते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।



