कोरबा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पथरीपारा क्षेत्र से एक युवक को पिस्तौल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार बिहार के सीतामढ़ी निवासी राहुल सिंह की एक युवती से फ्री फायर ऑनलाइन गेम के जरिए दोस्ती हुई थी। गेम चैट से हुई बातचीत नजदीकियों में बदल गई, जिसके बाद युवक युवती से मिलने कोरबा पहुंच गया।
यह भी पढ़े :- Bihar Assembly Elections 2025: एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर छत्तीसगढ़ भाजपा ने जताया उत्साह, नेताओं ने बताया जीत के कारण
पुलिस को सूचना मिली थी कि पथरीपारा इलाके में एक संदिग्ध युवक हथियार लेकर घूम रहा है। टीम मौके पर पहुंची और युवक राहुल सिंह को हिरासत में लिया। तलाशी में उसके पास से पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह पिछले छह दिनों से कोरबा के श्रीराम डॉर्मेट्री के कमरा नंबर 103 में ठहरा हुआ था। पुलिस ने होटल की तलाशी ली तो वहां से भी अतिरिक्त कारतूस मिले। जांच में यह भी सामने आया कि युवती लगातार उससे होटल में मिलने आ रही थी।
पुलिस ने आरोपी युवक के साथ होटल संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। अब यह जांच की जा रही है कि युवक हथियार लेकर कोरबा क्यों आया था और पिस्तौल कहां से हासिल की गई थी।



