Sex Racket Busted : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में पुलिस ने देह व्यापार के एक मामले का खुलासा किया है। यह कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र के एक रहवासी इलाके में किराए के मकान पर की गई, जहां पुलिस ने छापा मारकर एक महिला दलाल को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक घर में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस पर सीएसपी की मौजूदगी में पुलिस टीम ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मकान से एक महिला दलाल और चार युवतियों को पकड़ा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी महिला सोशल मीडिया और फोन कॉल के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करती थी। पुलिस ने महिला दलाल को गिरफ्तार कर पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि सभी युवतियों को समझाइश देकर छोड़ दिया गया।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही मकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है कि क्या उसे किरायेदार की गतिविधियों की जानकारी थी।



