मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र इन दिनों मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। कुछ दिन पहले उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी तबीयत में अब सुधार हो रहा है।
यह भी पढ़े :- Red Fort Blast Updates : लाल किले के पास कार ब्लास्ट में 11 की मौत, 29 घायल- आज गृह मंत्रालय की हाई लेवल मीटिंग
हालांकि, सोमवार रात सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबरें तेजी से वायरल हो गईं। इन अफवाहों पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने नाराजगी जताई और ऐसे अफवाह फैलाने वालों को फटकार लगाई।
हेमा मालिनी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा –
“जो हो रहा है, वह माफी के लायक नहीं है। जिम्मेदार चैनल कैसे किसी व्यक्ति के बारे में झूठी खबर फैला सकते हैं, जबकि इलाज का असर दिख रहा है और वे ठीक हो रहे हैं? यह बेहद अपमानजनक और गैरजिम्मेदाराना है। कृपया परिवार और उनकी प्राइवेसी का सम्मान करें।”
हेमा मालिनी के इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि धर्मेंद्र की तबीयत में सुधार है और वे पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं।
इससे पहले उनकी बेटी ईशा देओल ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा था —
“सोशल मीडिया को गलत खबरें फैलाने की बहुत जल्दी है। मेरे पिता ठीक हैं और रिकवर कर रहे हैं। कृपया हमारे परिवार को प्राइवेसी दें। सभी की दुआओं के लिए धन्यवाद।”
बता दें कि बीती रात कई मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर धर्मेंद्र के निधन की खबरें वायरल हो गई थीं। इसके बाद अभिनेता सनी देओल की टीम की ओर से भी आधिकारिक बयान जारी किया गया, जिसमें बताया गया कि धर्मेंद्र की हालत स्थिर है और वे चिकित्सकों की निगरानी में हैं।



