Red Fort Blast Updates : दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम एक आई-20 कार में जबरदस्त धमाका हुआ, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और 29 लोग घायल हुए हैं। घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से पाँच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- दिल्ली के लाल किले के पास कार में धमाका -मुख्यमंत्री साय ने जताया गहरा शोक
गृह मंत्री अमित शाह ने देर रात घटनास्थल का दौरा किया और एलएनजेपी अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को मामले की व्यापक जांच और सभी पहलुओं की गहन समीक्षा के निर्देश दिए हैं।
गृह मंत्री आज सुरक्षा एजेंसियों और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक हाई-लेवल मीटिंग करेंगे।
घटनास्थल पर एनआईए, एनएसजी और एसएफएल की टीमें जुटीं
धमाके की जांच के लिए एनआईए, एनएसजी और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के साथ-साथ फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एसएफएल) की टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआती जांच में पाया गया है कि धमाका हरियाणा नंबर की आई-20 कार में हुआ।
दिल्ली पुलिस का रातभर सर्च ऑपरेशन
धमाके के बाद दिल्ली पुलिस ने पहाड़गंज, दरियागंज और आसपास के होटलों में पूरी रात सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने होटल रजिस्टरों की जांच की और संदिग्धों की तलाश की। इस दौरान चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कार सवार की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट
खुफिया एजेंसियों को शक है कि धमाके में इस्तेमाल कार चलाने वाला शख्स फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा डॉक्टर उमर मोहम्मद था। कार में सवार व्यक्ति की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। अब पुलिस डीएनए टेस्ट के जरिए पुष्टि करेगी कि क्या वह डॉ. उमर मोहम्मद ही था।
सूत्रों के अनुसार, यह आई-20 कार हरियाणा से बदरपुर बॉर्डर के रास्ते दिल्ली में दाखिल हुई थी।
CCTV फुटेज में दिखा संदिग्ध
धमाके से पहले की CCTV फुटेज में एक आई-20 कार को घटनास्थल की ओर जाते देखा गया है। फुटेज में ड्राइवर काले रंग का मास्क पहने हुए दिखाई दे रहा है। सुरक्षा एजेंसियों ने फुटेज को सुरक्षित कर लिया है और उसकी तकनीकी जांच जारी है।
फरीदाबाद और जम्मू-कश्मीर से जुड़ाव की जांच
दिल्ली पुलिस ने फरीदाबाद क्राइम ब्रांच और जम्मू-कश्मीर पुलिस से संपर्क किया है। स्पेशल सेल ने फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल से जुड़ी जानकारी मांगी है। जांच में सामने आया है कि कार तारिक नाम के व्यक्ति को बेची गई थी, जिसका जम्मू-कश्मीर से संबंध बताया जा रहा है।
पुलिस ने इस मामले में यूएपीए (UAPA) के तहत केस दर्ज कर लिया है।




