बस्तर। विकासखंड बकावंड के ग्राम पंचायत बनियागांव के आश्रित ग्राम बेलगांव के पास इंद्रावती नदी पर बना महत्वपूर्ण पुल अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। यह वही पुल है, जो एनएमडीसी नगरनार स्टील प्लांट में काम करने वाले सैकड़ों कर्मचारियों और मजदूरों के आने-जाने का एकमात्र मार्ग है। पुल की जर्जर स्थिति अब बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल की सतह पर गड्ढे बन गए हैं और कांक्रीट की परत टूटने से लोहे की छड़ें बाहर निकल आई हैं। रोजाना इस पुल से भारी वाहन, टिप्पर, हाईवा, डंपर और रेत से लदे ट्रक गुजरते हैं, जिससे पुल की हालत और बिगड़ती जा रही है।
बेलगांव के निवासी और ग्राम पंचायत बनियागांव के उप सरपंच बलराम बघेल ने बताया कि यह पुल नगरनार स्टील प्लांट जाने वाले कर्मचारियों, मजदूरों, किसानों और विद्यार्थियों के लिए जीवनरेखा है। उन्होंने कहा कि पुल की मरम्मत नहीं होने पर किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

बघेल ने बताया कि ओडिशा से आने वाली एक नदी यहां इंद्रावती में मिलती है, जिससे पुल के नीचे पानी का दबाव लगातार बना रहता है। बावजूद इसके, लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

ग्रामीणों ने बस्तर जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से पुल की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी जनहानि से बचा जा सके।



