गरियाबंद। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने गुरुवार को थाना मैनपुर क्षेत्र के नक्सल प्रभावित ग्राम नगरार में कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान SP राखेचा ने ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों ने गाँव में बिजली, पानी, स्कूल भवन और अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी। SP ने संबंधित विभागों से समन्वय कर जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में बच्चों को स्कूल बैग, चप्पल, चॉकलेट व बिस्किट दिए गए, जबकि महिलाओं और ग्रामीणों को साल तथा साड़ी वितरित की गई।
पुलिस अधीक्षक ने शासन की आत्मसमर्पण नीति की जानकारी देते हुए ग्रामीणों के माध्यम से क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों को मुख्यधारा में जुड़ने का संदेश भी भेजा। गांव में आत्मसमर्पण संबंधी पोस्टर लगाए गए हैं।
सक्रिय माओवादियों को 94792-27805 नंबर पर संपर्क कर या नजदीकी थाना/कैम्प में हथियार सहित आत्मसमर्पण करने की अपील की गई है।



