नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आज गुरुवार को ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन की कुल 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली है।
Bihar Chunav 2025 : मतदान के बीच मांझी विधायक व CPM प्रत्याशी पर हमला, कार पर पथराव से मचा हड़कंप
ईडी के अनुसार, धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) 2002 के तहत जारी आदेश में रैना और धवन की चल एवं अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया गया है। इनमें रैना के नाम पर 6.64 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश, जबकि धवन के नाम पर 4.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।
जाँच में सामने आया है कि दोनों क्रिकेटरों ने विदेशी संस्थाओं के साथ विज्ञापन समझौते कर 1xBet और उसके सहयोगियों का प्रचार किया। एजेंसी का कहना है कि यह प्रचार “जानबूझकर” किया गया था और इसमें अवैध सट्टेबाजी से जुड़े पैसों का उपयोग किया गया।
ईडी ने इस मामले में रैना और धवन के अलावा युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, सोनू सूद, उर्वशी रौतेला, मिमी चक्रवर्ती और अंकुश हाजरा से भी पूछताछ की है।
जानकारी के मुताबिक, 1xBet कुराकाओ में पंजीकृत एक विदेशी सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म है, जो भारत में बिना अनुमति के कार्यरत था। यह सोशल मीडिया, ऑनलाइन वीडियो और प्रिंट मीडिया के ज़रिए भारतीय उपयोगकर्ताओं को आकर्षित करने के लिए छद्म ब्रांडिंग और भ्रामक विज्ञापनों का सहारा लेता था।
ईडी की जांच में यह भी सामने आया है कि इन विज्ञापनों के भुगतान के लिए विदेशी बिचौलियों के ज़रिए जटिल वित्तीय लेनदेन किए गए ताकि अवैध धन के स्रोत को छिपाया जा सके।



