रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव और नए विधानसभा भवन के लोकार्पण कार्यक्रम से पहले जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (J) के अध्यक्ष अमित जोगी को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है। जोगी निवास के बाहर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है।
यह भी पढ़े :- अटल जी, देखिए… आपका सपना साकार हो रहा है : पीएम मोदी
बताया जा रहा है कि अमित जोगी ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर नए विधानसभा भवन का नाम मिनी माता के नाम पर नहीं रखे जाने का विरोध किया था। इसी दौरान उन्होंने प्रतीकात्मक विरोध के रूप में कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र को जलाया था। साथ ही उन्होंने शनिवार को कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने काला झंडा दिखाने की चेतावनी भी दी थी।
जोगी की इस घोषणा के बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उन्हें उनके रायपुर स्थित निवास पर नजरबंद कर दिया है। पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।



