रायपुर। नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक नवंबर को करने वाले हैं, लेकिन कार्यक्रम से पहले ही इसके नामकरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (JCCJ) ने विधानसभा भवन के आमंत्रण पत्र में मिनीमाता का नाम शामिल न किए जाने पर तीव्र विरोध जताया है।
पार्टी अध्यक्ष अमित जोगी ने नाराजगी जताते हुए आमंत्रण पत्र को जलाया और प्रेसवार्ता कर भाजपा व संघ पर छत्तीसगढ़ के पुरखों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने विधानसभा भवन का नाम मिनीमाता के नाम पर रखा था, लेकिन वर्तमान आमंत्रण पत्र में इसका कोई उल्लेख नहीं है।
अमित जोगी ने चेतावनी दी कि यदि मिनीमाता के नाम को बदला गया, तो इस साजिश के खिलाफ प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।



