रायपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 का आयोजन 27 से 31 अक्टूबर तक किया जाएगा। यह कार्यक्रम केंद्रीय सतर्कता आयोग, भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित होगा। इस वर्ष का विषय “सतर्कता : हमारी साझा जिम्मेदारी” निर्धारित किया गया है, जिसका उद्देश्य ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना है।
झींगा से लेकर सॉफ्टवेयर तक- नए व्यापार समझौते से भारत के लिए बड़ा बाजार खुला
कार्यक्रम का संचालन संस्थान के मुख्य सतर्कता अधिकारी डॉ. प्रभात दीवान के मार्गदर्शन में किया जाएगा। सप्ताह की शुरुआत 27 अक्टूबर को सतर्कता शपथ के साथ होगी, जिसमें एनआईटी रायपुर के निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव सभी शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार उन्मूलन एवं पारदर्शिता के प्रति संकल्प दिलाएंगे।
28 अक्टूबर को “पारदर्शी शासन के महत्व” विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्री हिमांशु जैन, मुख्य सतर्कता अधिकारी, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, बिलासपुर, मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। उसी दिन निबंध लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।
29 अक्टूबर को विद्यार्थियों के लिए वाद-विवाद प्रतियोगिता रखी जाएगी, जबकि 30 अक्टूबर को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सतर्कता और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम का समापन 31 अक्टूबर को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
सप्ताहभर चलने वाले इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों में भ्रष्टाचार के प्रति संवेदनशीलता, उत्तरदायित्व और नैतिक आचरण की भावना को सशक्त बनाना है। एनआईटी रायपुर इस पहल के माध्यम से पारदर्शिता और ईमानदारी की संस्कृति को बढ़ावा देने के अपने संकल्प को दोहरा रहा है।



