रायपुर : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक ट्रांसपोर्टर और उसके गुर्गों की दबंगई ने सनसनी मचा दी है। भिलाई के मॉल में फिल्म देखने आई एक महिला के साथ न केवल छेड़छाड़ की गई, बल्कि विरोध करने पर उसके पति और बेटे के साथ भी मारपीट की गई। इतना ही नहीं, जब पुलिस ने हस्तक्षेप किया तो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया, जिसमें तीन पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आईं। इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
राज्योत्सव 2025: सीएम विष्णुदेव साय ने मेला स्थल का किया निरीक्षण, पीएम मोदी भी होंगे शामिल
घटना 22 अक्टूबर की देर रात स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में स्थित एक मॉल की है। दुर्ग की रहने वाली एक महिला अपने पति और बेटे के साथ मॉल के सिनेमा हॉल में फिल्म देखने गई थी। इसी दौरान कोहका निवासी ट्रांसपोर्टर सुजीत साव अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ वहां पहुंचा। सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। सुजीत ने महिला के साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उसके बेटे और पति पर हमला कर दिया।
महिला की शिकायत पर स्मृति नगर चौकी की पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन वहां सुजीत और उसके साथियों ने हंगामा शुरू कर दिया। फोन कर बुलाए गए 15-20 गुर्गों ने मॉल के बाहर जमकर उत्पात मचाया। बीच-बचाव करने आए प्रधान आरक्षक पंकज चौबे के साथ धक्का-मुक्की की गई, जिससे वह गिर गए और उन्हें चोटें आईं।
पुलिस ने किसी तरह आरोपियों को हिरासत में लेकर स्मृति नगर चौकी पहुंचाया, लेकिन वहां भी दबंगों की गुंडागर्दी नहीं रुकी। चौकी के अंदर घुसकर आरोपियों ने मुंशी आत्माराम कोसले और आरक्षक कौशलेंद्र पर हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक कौशलेंद्र का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि मुंशी आत्माराम की उंगली टूट गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच मुख्य आरोपियों—सुजीत साव (49), सुजीत कुमार (32), शिवपूजन कुमार (20), सागर साव (29), और जिगर साव (28)—को गिरफ्तार कर लिया। सभी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल किया। मॉल और चौकी में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सबूत जुटाए और 23 अक्टूबर को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पुलिस ने महिला से छेड़छाड़, मारपीट, और शासकीय कार्य में बाधा डालने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। देर रात 11 बजे से तड़के 1 बजे तक मॉल और चौकी में चले इस हंगामे ने स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी है। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए आरोपियों का जुलूस निकाला और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।



