रायपुर। नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक 29 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 16 एजेंडों पर चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लिए जाएंगे। यह बैठक महापौर मीनल चौबे के कार्यकाल में बजट के बाद दूसरी सामान्य सभा होगी।
छत्तीसगढ़ का एडवेंचर हब बनेगा जशपुर – जशपुर जम्बूरी 2025 की तैयारियां शुरू
सभापति प्रमोद राठौर ने बताया कि बैठक की शुरुआत एक घंटे के प्रश्नकाल से होगी। इस बार रिकॉर्ड 14 से 15 पार्षदों ने अपने सवाल लगाए हैं, जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। पार्षद अपने-अपने वार्डों से जुड़ी पेयजल, सफाई, बिजली, सड़क और नाली जैसी स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाएंगे।
मुख्य एजेंडों में पचपेड़ीनाका से सीएसईबी चौक बूढ़ापारा तक गौरवपथ-2 के निर्माण का प्रस्ताव सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। करीब 37.61 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली यह सड़क चौड़ी और आधुनिक डिजाइन में विकसित की जाएगी, जिससे शहर को नया स्वरूप और यातायात को बेहतर दिशा मिलेगी।
बैठक से पहले 27 और 28 अक्टूबर को दोनों दलों के पार्षदों की अलग-अलग बैठकें भी रखी गई हैं। निगम सदन में भाजपा पार्षदों का बहुमत होने के कारण इस बार किसी बड़े हंगामे की संभावना कम मानी जा रही है। हालांकि, स्थानीय मुद्दों पर चर्चा के दौरान विपक्षी पार्षदों के तीखे सवालों की उम्मीद की जा रही है।



