दुर्ग। स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र में स्थित एक ज्वेलरी शॉप से 40 नग सोने के मंगलसूत्र चोरी होने का मामला सामने आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि दुकान मालिक के छोटे भाई ने ही की थी। चोरी गए मंगलसूत्रों की कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है।
‘PM बातें छुपाते हैं, ट्रंप खोल देते हैं’: जयराम रमेश ने मोदी की चुप्पी पर उठाया सवाल
कोहका निवासी ज्वेलरी कारोबारी रवि सोनी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका छोटा भाई राजकुमार सोनी (50 वर्ष) पिछले नौ महीनों से दुकान में सेल्समैन के रूप में काम कर रहा था। 13 अक्टूबर की शाम ग्राहकों की भारी भीड़ का फायदा उठाते हुए उसने दुकान के लॉकर से 40 सोने के मंगलसूत्र पार कर दिए।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और त्रिनयन ऐप की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। सीसीटीवी फुटेज में राजकुमार को रायपुर की ओर जाते देखा गया। जानकारी मिली कि उसका फुफेरा भाई सुरेंद्र सोनी, जो रायपुर में ज्वेलरी गलाने का काम करता है, चोरी में शामिल है।
पुलिस ने दोनों की लोकेशन ट्रेस कर ब्राह्मणपारा, दुर्ग स्थित किराए के मकान में दबिश दी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने 29 चोरी के मंगलसूत्र, 11 मंगलसूत्र गलाकर बनाए गए दो सोने के बिस्किट, और 2 लाख रुपये नकद जब्त किए।
पुलिस के अनुसार आरोपी बाकी मंगलसूत्रों को भी गलाने की फिराक में थे। दोनों के खिलाफ धारा 316(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



