रायपुर : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की इस दौरान उन्होंने भाजपा पर हमला बोला बिहार चुनाव, निगम मंडल की सूची, भाजपा के सहयोग केंद्र नक्सलवाद जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा
दीपावली गिफ्ट: गरीब महिलाओं को मिलेगा उज्जवला गैस कनेक्शन, 15 दिनों में जारी होंगे नए कनेक्शन
बिहार चुनाव में छत्तीसगढ़ कांग्रेस का बड़ा प्रचार अभियान शुरू होगा
दिवाली के बाद बिहार विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ कांग्रेस अपना बड़ा प्रचार अभियान शुरू करेगी। इसको लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि “कल तक प्रचार के लिए दूसरी सूची जारी होगी। कांग्रेस पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ रही है। बिहार की जनता ने कांग्रेस को जनमत दिलाने का मन बना लिया है। पार्टी का जो आदेश होगा, उसे माना जाएगा।”
निगम-मंडल और आयोग की दूसरी सूची पर सियासत गरमाई
निगम, मंडल और आयोग की दूसरी सूची को लेकर बैज ने सत्ताधारी दल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा — “आसमान से गिरे खजूर में लटके जैसी स्थिति है। पहली लिस्ट के विवाद और मंत्रिमंडल की गुटबाजी से अब तक सरकार उबर नहीं पाई है। दूसरी लिस्ट आएगी तो सरकार सह पाएगी या नहीं… ऐसा लगता है भस्मासुर जैसा विस्फोट होगा।”
भाजपा सहयोग केंद्र को लेकर कांग्रेस का तंज
भाजपा के सहयोग केंद्र में बढ़ती शिकायतों को लेकर भी बैज ने निशाना साधा। उन्होंने कहा — “साय सरकार में समस्याएं बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री और मंत्री कार्यकर्ताओं से नहीं मिल रहे। आरएसएस ने टाइट किया है, इसलिए सहयोग केंद्र में बैठ रहे हैं। वहां भी संस्थाओं और शिकायतों का अंबार लग रहा है।”
नक्सल मुद्दे पर तीखा पलटवार
भाजपा के ‘नक्सलवाद खत्म, विपक्ष का एजेंडा खत्म’ वाले बयान पर पीसीसी चीफ ने पलटवार करते हुए कहा — “2000 से अधिक नक्सलियों ने सरेंडर किया है, लेकिन गृह मंत्री विजय शर्मा केवल कुछ नक्सलियों का अधूरा प्रोफाइल जारी कर रहे हैं। हम मांग करते हैं कि पूरा डाटा — गांव, घटनाएं और बरामद हथियार की जानकारी सार्वजनिक की जाए। अगर असली नक्सली सरेंडर कर रहे हैं तो अच्छा है, लेकिन अगर फर्जी सरेंडर हो रहा है तो कांग्रेस इसका विरोध करेगी।”
गरीबों के आवास तोड़ने पर कांग्रेस का विरोध
दीपक बैज ने राज्य सरकार पर गरीब विरोधी नीति का आरोप लगाया। उन्होंने कहा — “बीजेपी गरीबों के आवास तोड़कर अपने चेहतों को फायदा पहुंचा रही है। सेजबहार-मुजगहन में 13 एकड़ में हाउसिंग बोर्ड बनाने की तैयारी है। वहां लोग लंबे समय से रह रहे हैं। ग्राम सभा ने भी इसका विरोध किया था, कांग्रेस भी इसका विरोध करती है।”
जंगल सफारी बाघिन की मौत पर जांच की मांग
जंगल सफारी में बाघिन की मौत के मामले पर भी पीसीसी चीफ ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा — “सरकार को इस पूरे मामले की जांच करनी चाहिए। प्रदेश में वन्य प्राणियों की संख्या लगातार घट रही है। बाघ और बाघिनों की संख्या बहुत कम हो चुकी है।”



