रायपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। शुक्रवार को सक्ती जिले में एसीबी की टीम ने ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डभरा राजेंद्र कुमार पटेल को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
छत्तीसगढ़ में छुही मिट्टी खदान हादसा, दिवाली की तैयारी में महिला की मौत
यह कार्रवाई बीएमओ कार्यालय के ही बाबू उमेश कुमार चंद्रा की शिकायत पर की गई। बाबू ने एसीबी बिलासपुर इकाई को बताया था कि बीएमओ ने यात्रा भत्ता बिल (TA Bill) के भुगतान के एवज में 32,500 रुपए की रिश्वत मांगी थी, जिसमें से 16,500 रुपए पहले ही ले चुका था। शेष 16,000 रुपए की नई मांग के बाद शिकायत दर्ज कराई गई।
एसीबी ने जांच में शिकायत को सही पाया और जाल बिछाया। तय सौदेबाजी के बाद 15 हजार रुपए देने पर सहमति बनी। जैसे ही बाबू ने पैसे बीएमओ को कार्यालय में सौंपे, टीम ने धावा बोल दिया और बीएमओ पटेल को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरा स्वास्थ्य विभाग सकते में आ गया। मौके से बरामद 15 हजार रुपए को जब्त कर एसीबी ने आरोपी बीएमओ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है।



