रायपुर : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सिटी कोतवाली पुलिस पर सनसनीखेज आरोप लगा है। नशे के खिलाफ अभियान के नाम पर थाना प्रभारी अजय झा ने एक आदिवासी युवक हितेश्वर भट्ट के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। रविवार (12 अक्टूबर) रात करीब 9 बजे रिसदा रोड पर चेकिंग के दौरान थाना प्रभारी ने युवक की कमर में पीछे से जोरदार लात मारी, जिससे उसकी जेब में रखी शराब की बोतल फूट गई। कांच के टुकड़े युवक के कूल्हे में गहरे धंस गए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और 10 टांके लगाने पड़े।
“कफ सिरप नहीं, जहर है ये” – WHO ने कोल्ड्रिफ सहित तीन सिरप को लेकर चेतावनी जारी
अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा युवक
घायल हितेश्वर भट्ट का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि युवक के कूल्हे में गहरी चोट लगी थी, लेकिन अब उसकी हालत स्थिर है। हितेश्वर ने बताया कि वह रिसदा रोड पर एक दुकान के पास सिगरेट पी रहा था, तभी पुलिस की गाड़ी देखकर लोग भागने लगे। इसी बीच थाना प्रभारी ने उसे बिना कारण पीछे से लात मार दी। लात इतनी जोरदार थी कि जेब में रखी शराब की छोटी शीशी टूट गई और कांच के टुकड़े उसके शरीर में चुभ गए। खून से लथपथ हितेश्वर को दोस्तों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
मां का करुण पुकार: “मेरे बेटे को बेवजह मारा
हितेश्वर की मां रानी भट्ट का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने कहा, “मेरा बेटा सिर्फ दुकान के पास खड़ा था। पुलिस ने बिना वजह उसे मारा। कांच उसके शरीर में गहरे धंस गया। हम गरीब लोग हैं, हमें इंसाफ चाहिए।” परिवार ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस ने खोला मोर्चा, “ये जंगलराज है!”
इस घटना ने बलौदाबाजार में सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। कांग्रेस ने थाना प्रभारी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए इसे आदिवासी अत्याचार का मामला बताया। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “ये सुशासन नहीं, जंगलराज है! पुलिस आदिवासी युवक को डराकर पीटती है, गाली-गलौज करती है। थाना प्रभारी की बर्बरता से युवक के कूल्हे में टांके लगे। यह शर्मनाक है।”
सोमवार (13 अक्टूबर) को जिला युवक कांग्रेस ने कोतवाली थाने के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता महात्मा गांधी की तस्वीर लेकर पहुंचे और थाना प्रभारी अजय झा को तत्काल हटाने की मांग की। युवक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेन्द्र बंजारे ने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा, “एक आदिवासी युवक के साथ ऐसी क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना प्रभारी अपनी दबंगई दिखा रहे हैं। ऐसे अफसरों को तुरंत सजा मिलनी चाहिए।”
पुलिस का जवाब: “जांच शुरू, युवक खतरे से बाहर”
बलौदाबाजार के ASP अभिषेक सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान के तहत रिसदा रोड पर चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान हितेश्वर भट्ट की जेब में रखी शराब की बोतल फूटने से उसे चोट लगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस की ओर से थाना प्रभारी के खिलाफ कोई ठोस बयान नहीं आया है।



