रायपुर । कवर्धा जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हिंसक हो गया। प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के पहली बार कवर्धा दौरे पर आने के दौरान यह घटना घटी।
गरीब ठेले, रेहड़ी वालों को हटाना सरकार का अमानवीय कदम: कांग्रेस
बताया जा रहा है कि टिकरिहा पर युवती से यौन शोषण का आरोप है। इसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके दौरे का विरोध किया और काले झंडे दिखाने की कोशिश की। इस दौरान काफिले के सामने जमकर नारेबाजी हुई, जिससे BJYM नेताओं का गुस्सा भड़क गया और विवाद मारपीट में तब्दील हो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवा मोर्चा के नेता कांग्रेसियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते हुए दिख रहे हैं। घटना के दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद थी।
इस घटना के बाद कांग्रेस ने आरोपी BJYM नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने के सामने धरना दिया। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि यह घटना प्रदेश के गृहमंत्री के गृह जिले में हुई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार कार्रवाई नहीं करती है, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी और 1 नवंबर को पीएम मोदी के दौरे का विरोध भी करेगी।



