रायपुर। इस बार छत्तीसगढ़ राज्योत्सव पहले से भी ज्यादा भव्य होगा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि इस बार राज्योत्सव तीन की जगह पांच दिनों तक चलेगा। कार्यक्रम की शुरुआत 1 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुभारंभ से होगी, जबकि 5 नवंबर को उपराष्ट्रपति के मुख्य आतिथ्य में समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
मीडिया से चर्चा में उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि जांजगीर डकैती प्रकरण में एनएसयूआई नेता की संलिप्तता सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि “जांजगीर ही नहीं, जहां-जहां अपराध हुए हैं, वहां कांग्रेस से जुड़े लोगों का नाम सामने आया है। एक विधायक का रेत माफिया से वसूली का ऑडियो आया, एक विधायक बलौदाबाजार आगजनी कांड में शामिल रहे और एक विधायक शराब घोटाले में जेल में हैं। कांग्रेस अब अपराध की पटकथा लिख रही है।”
भूपेश बघेल के हालिया ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा— “पूर्व सरकार के समय पुलिस अधिकारियों तक को नहीं छोड़ा गया था, फर्जी प्रकरण बनाए गए थे। तब प्रशासन का वर्किंग कल्चर पूरी तरह खत्म हो गया था। विष्णुदेव सरकार में किसी अधिकारी पर जबरन दबाव नहीं बनाया जा रहा। अगर ऐसा कोई उदाहरण है तो कांग्रेस सामने लाए।”



