Raipur Crimes : राजधानी रायपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक नाबालिग गर्लफ्रेंड ने अपने 20 वर्षीय बॉयफ्रेंड मोहम्मद सद्दाम की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी किशोरी को बिलासपुर से हिरासत में लिया, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
ऐसे हुआ खुलासा
घटना गंज थाना क्षेत्र के एवॉन लॉज की है। CCTV फुटेज और लॉज रिकॉर्ड से पता चला कि कपल ने 27 और 28 सितंबर को एक ही कमरे (103) में ठहराव किया था। आखिरी बार लॉज स्टाफ ने 28 सितंबर को सद्दाम को जिंदा देखा।
गर्भपात को लेकर झगड़ा
पुलिस जांच के अनुसार, नाबालिग प्रेग्नेंट थी और उसने शादी की बात की। इस पर सद्दाम ने गर्भपात कराने का दबाव बनाया। रात करीब 3 बजे दोनों में झगड़ा बढ़ा और गुस्से में नाबालिग ने चाकू से सद्दाम की गर्दन और पीठ पर 5 वार कर हत्या कर दी।
हत्या के बाद की साजिश
हत्या के बाद लड़की ने कमरे को बाहर से लॉक किया और ट्रेन से बिलासपुर चली गई। उसने सद्दाम का मोबाइल भी अपने पास रखा और लॉज मालिक को फोन पर झूठ बोला कि वह बाथरूम गई है। 29 सितंबर की शाम जब कमरा खोला गया तो सद्दाम की लाश बिस्तर पर पड़ी मिली।
आरोपी ने मां को बताया सच
बिलासपुर पहुंचने पर आरोपी ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। परिजन उसे लेकर कोनी थाना पहुंचे और पुलिस ने रायपुर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद केस का खुलासा हुआ।
मृतक की पहचान
मृतक मोहम्मद सद्दाम बिहार का रहने वाला था और रायपुर में फूड फैक्ट्री में काम करता था। उसकी नाबालिग से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। जांच में सामने आया कि सद्दाम ने कई अलग-अलग नाम से ID भी बना रखी थी। (Raipur Crimes)
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी नाबालिग के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है। घटना ने रायपुर और आसपास के इलाके में सनसनी फैला दी है। (Raipur Crimes)



