राजनांदगांव। छुरिया पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की महतारी एक्सप्रेस वाहन से 16 पेटी महाराष्ट्र निर्मित देशी शराब (138.240 बल्क लीटर) बरामद कर चालक इंद्र कुमार उर्फ राहुल साहू को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि महतारी एक्सप्रेस का दुरुपयोग शराब तस्करी के लिए हो रहा है। बम्हनी इलाके में नाकाबंदी कर पुलिस ने आरोपी को शराब समेत धर दबोचा।
बरामद शराब की कीमत ₹53,760 बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। आरोपी ने दावा किया कि उसने प्रसूति कॉल का हवाला देकर महाराष्ट्र से शराब लाई थी।
इस घटना पर पूर्व विधायक छन्नी साहू ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने धरना देकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने घटना की जानकारी पुलिस और राज्य सरकार को दी।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में अवैध शराब का कारोबार बेलगाम हो गया है और इसे रोकने वाला कोई नहीं है। बैज ने तंज कसते हुए कहा कि महतारी एक्सप्रेस, जो मरीजों की सेवा के लिए है, उसका उपयोग शराब तस्करी में हो रहा है। उन्होंने चुटकी ली कि जहां मरीजों को समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलती, वहां शराब सप्लाई के लिए वाहन तैनात हैं। बैज ने भाजपा पर कांग्रेस को बदनाम करने की राजनीतिक साजिश का भी आरोप लगाया।



