रायपुर। दिल्ली में 1 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के आंदोलन पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस अब जनहित के मुद्दों से कट चुकी है और राजनीति के जरिए अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रही है।
‘कांग्रेस की स्थिति अब क्षेत्रीय दल जैसी’
अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस की मौजूदा स्थिति ऐसी हो गई है कि उसे अब किसी पर भरोसा नहीं रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग के हलफनामों पर भी सवाल उठा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास राजनीतिक मुद्दों का अभाव है और इसी वजह से वह ऐसे मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रही है। चंद्राकर ने दावा किया कि दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन का व्यापारी वर्ग भी विरोध कर रहा है।
‘खड़गे के बयान को अब दफन कर देना चाहिए’
कांग्रेस के दिल्ली आंदोलन को लेकर भाजपा के सोशल मीडिया पोस्ट और उसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पुराने बयान के संदर्भ पर भी चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि खड़गे की भाषा की देशभर में निंदा हो चुकी है। चंद्राकर ने कहा कि उस बयान को अब वहीं खत्म कर देना चाहिए और बार-बार दोहराने की जरूरत नहीं है। उनके मुताबिक यह इतना बड़ा राजनीतिक मुद्दा नहीं है कि उसे रोज दोहराया जाए।
भिलाई में 4 करोड़ कैश मामले पर भी कांग्रेस को घेरा
भिलाई में करीब 4 करोड़ रुपये नकद पकड़े जाने के मामले को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज की टिप्पणी पर भी अजय चंद्राकर ने पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष को इस मामले की वास्तविक जानकारी नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस बात का आधार क्या है कि बरामद रकम नागपुर, दिल्ली या मुंबई ले जाई जा रही थी।
‘ऊलूल-जुलूल बातें कर छपने की कोशिश’
अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के पास राजनीति करने के लिए कोई ठोस तथ्य नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों से दूर हो गई है और अब ऊलूल-जुलूल बातें करके सुर्खियों में आने का प्रयास करती है।




