राजनांदगांव। विजयादशमी के मौके पर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन के दौरान AK-47 से हर्ष फायरिंग करने को लेकर राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा मुश्किलों में घिरती नजर आ रही हैं। एसपी की हर्ष फायरिंग का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद उठे सवालों पर अब पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राजनांदगांव रेंज आईजी अजय यादव ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।
दरअसल, विजयादशमी पर राजनांदगांव के पुलिस लाइन स्थित रक्षित केंद्र में पुलिस की परंपरा के मुताबिक शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। एसपी अंकिता शर्मा समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। शस्त्रों की पूजा कर पुलिस अधिकारियों ने मां दुर्गा से लोगों की सुरक्षा और बुराई के खात्मे की शक्ति की कामना की।
इसी दौरान साड़ी पहने एसपी अंकिता शर्मा ने AK-47 से हर्ष फायरिंग की। इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया और मीडिया में उनकी फायरिंग की तकनीक और पुलिस के शस्त्र नियमों को लेकर सवाल उठने लगे।
फायरिंग की तकनीक और पुलिस की गरिमा पर उठे सवाल
मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस मुख्यालय ने पूरे घटनाक्रम पर स्पष्टीकरण मांगा है। बताया गया कि मीडिया में एसपी द्वारा की गई हर्ष फायरिंग को लेकर जो टिप्पणियां सामने आई हैं, उनमें पुलिस के शस्त्र नियमों के पालन और पुलिस की गरिमा से जुड़े सवाल उठाए गए हैं।
इन्हीं बिंदुओं को लेकर एसपी अंकिता शर्मा से जवाब मांगा गया है।
स्पष्टीकरण के बाद PHQ भेजा जाएगा मामला
राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एसपी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। एसपी के जवाब के बाद आईजी की टिप्पणी के साथ पूरा प्रकरण पुलिस मुख्यालय को भेजा जाएगा।
इसके बाद पुलिस मुख्यालय की ओर से जो निर्देश दिए जाएंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब सबकी नजर एसपी अंकिता शर्मा के स्पष्टीकरण और पुलिस मुख्यालय के अगले कदम पर टिकी है। विजयादशमी के पारंपरिक शस्त्र पूजन के दौरान हुई हर्ष फायरिंग का मामला अब विभागीय जांच और कार्रवाई तक पहुंच गया है।




