धमतरी। जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में बुधवार रात आपसी विवाद के बाद हुई चाकूबाजी की वारदात से सनसनी फैल गई। मुजगहन के पास हुए विवाद में एक युवक ने दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल दीपांशु साहू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, उसका साथी भी हमले में घायल हुआ है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात मुजगहन निवासी दीपांशु साहू अपने साथी के साथ मौजूद था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका एक युवक से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और आरोपी ने चाकू निकालकर दोनों पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चाकू लगने से दीपांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत नाजुक होने के चलते इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरी ओर, घायल साथी का भी उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े लोगों से पूछताछ करते हुए आरोपी की पहचान और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस प्रारंभिक तौर पर वारदात को आपसी विवाद के बाद हुई चाकूबाजी मानकर जांच कर रही है। विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।




