रायपुर। राजधानी रायपुर में NSUI कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राजीव गांधी चौक पर जिला NSUI अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के 21 फीट ऊंचे पुतलों का दहन किया।
यह प्रदर्शन NSUI के देशव्यापी आह्वान के तहत आयोजित किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लोकतंत्र, संविधान और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
NSUI कार्यकर्ताओं का कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता बेहद जरूरी है। उनका आरोप है कि संस्थाओं की कार्यप्रणाली को लेकर जनता के बीच सवाल खड़े हो रहे हैं, ऐसे में लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाना जरूरी है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। संगठन ने मांग की कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए।
NSUI जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों पर NSUI लगातार आवाज उठाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि संगठन अन्याय और लोकतंत्र विरोधी नीतियों के खिलाफ अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेगा।




