रायपुर। त्योहार के बीच पटाखों की अवैध बिक्री और भंडारण के खिलाफ मंदिर हसौद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुजरा गांव में एक मकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। जब्त पटाखों की कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मकान में पटाखे रखने के लिए जरूरी लाइसेंस और अनुमति नहीं थी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गुजरा निवासी हरीश साहू ने अपने घर में बड़ी मात्रा में पटाखों का स्टॉक जमा कर रखा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान अलग-अलग किस्म के पटाखों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।
रॉकेट से लेकर मिर्ची बम तक बरामद
पुलिस को तलाशी के दौरान ब्लास्टर पाइप, मल्टीकलर शॉट, रॉकेट, हेलीकॉप्टर, स्पिनर और फाउंटेन सहित कई प्रकार के पटाखे मिले। इसके अलावा स्पार्कलर, मिर्ची बम, रिंग कैप समेत अन्य पटाखे भी मकान में रखे मिले। पुलिस ने सभी पटाखों को जब्त कर लिया है।
लाइसेंस मांगने पर नहीं दिखा सका दस्तावेज
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मकान मालिक से पटाखों की खरीद, बिक्री और भंडारण से संबंधित लाइसेंस और अनुमति पत्र मांगा। हालांकि, हरीश साहू कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बिना अनुमति पटाखों का भंडारण करने के मामले में उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका है कि पटाखों को त्योहार के दौरान बिक्री के लिए जमा किया गया था। बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पटाखों को रिहायशी मकान में रखना सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर मामला है।
मंदिर हसौद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामला जमानती होने के कारण आरोपी को बाद में छोड़ दिया गया, जबकि बरामद पटाखों को जब्त कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहार को देखते हुए अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना लाइसेंस पटाखे रखने या बेचने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




