कांकेर। नंदनमारा के पास मंगलवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के बाद बुधवार सुबह ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण बाईपास मार्ग पर पहुंचे और सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन में महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे। ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल सुरक्षा व्यवस्था को हादसों की बड़ी वजह बताते हुए तत्काल सुधार की मांग की।
ग्रामीणों के मुताबिक, बाईपास मार्ग के कई हिस्सों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए स्पीड ब्रेकर और अन्य जरूरी यातायात सुरक्षा इंतजाम भी नहीं हैं। मंगलवार रात हुए हादसे के बाद ग्रामीणों ने इन समस्याओं को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
चक्काजाम के चलते बाईपास मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर की बातचीत के बाद एसडीएम भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मांगों को लेकर चर्चा की।
अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को उनकी मांगों पर लिखित आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। चक्काजाम खत्म होने के बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया गया।
दो युवकों की मौत के बाद हुए इस प्रदर्शन ने बाईपास मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने साफ किया है कि सड़क पर लाइटिंग, स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा उपाय जल्द नहीं किए गए तो वे दोबारा आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं।




