महासमुंद। जिले के बागबाहरा में पौनी पसारी चबूतरे के पास पुलिस आरक्षक कृष्णा पटेल का शव मिलने से हड़कंप मच गया। आरक्षक कोतवाली थाना में पदस्थ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों और आसपास की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में कृष्णा पटेल शाम के समय बाइक से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके आधार पर पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह वहां कब और किन परिस्थितियों में पहुंचे।
पुलिस फिलहाल आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होगी।




